उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजफतेहपुरबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजराज्यलखनऊ

चेहरे पर ऑक्सीजन मास्क, पीठ पर पौधा… पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश

युवा विकास समिति ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर किया प्रदर्शन, अवैध खनन और पेड़ों की कटाई पर जताई चिंता

सब तक एक्सप्रेस | फतेहपुर
संवाददाता : बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ युवा विकास समिति के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता चेहरे पर ऑक्सीजन मास्क लगाए और हाथों में पौधों के गमले लेकर नारेबाजी करते हुए पहुंचे। इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने घटती हरियाली और बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त की।
युवा विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जनपद की नदियों और पहाड़ों में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही बंद पड़ी कतई मिल परिसर में लगभग 2000 पेड़ों की कटाई और सड़कों के चौड़ीकरण के नाम पर हो रहे वन विनाश के लिए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
समिति के जिला अध्यक्ष कंचन मिश्रा ने कहा कि फतेहपुर प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में शामिल हो चुका है। जून माह की शुरुआत में ही तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी और पर्यावरण असंतुलन के पीछे अवैध खनन और बड़े पैमाने पर हो रही पेड़ों की कटाई प्रमुख कारण हैं।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं। समिति ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शन के दौरान संजय दत्त, अफताब, मुकेश कुमार, नवल किशोर मिश्रा, प्रवीण पांडे, महेंद्र त्रिपाठी, श्याम तिवारी, अमित सिंह, अवधेश शुक्ला, प्रेम प्रकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
— बृजेन्द्र मौर्य
संवाददाता, फतेहपुर
सब तक एक्सप्रेस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!