उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजराज्यराष्ट्रीयलखनऊसोनभद्र

फर्जी अधिवक्ताओं एवं मुंशियों के विरुद्ध बार एसोसिएशनों का संयुक्त सघन जांच अभियान

कचहरी परिसर में बिना पंजीकरण कार्य करने वालों की हुई जांच, संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई की तैयारी

सोनभद्र, 03 जून 2026 (वरिष्ठ संवाददाता राम अनुज धर द्विवेदी)।
सोनभद्र बार एसोसिएशन एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को संपूर्ण कचहरी परिसर में बिना पंजीकरण कार्य कर रहे फर्जी अधिवक्ताओं एवं मुंशियों की पहचान के लिए सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट, पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट तथा सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट एवं महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी एडवोकेट ने किया।

अभियान के दौरान बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश में पंजीकृत अधिवक्ताओं की सूची के आधार पर कचहरी परिसर में उपस्थित व्यक्तियों के परिचय-पत्र एवं पंजीकरण प्रमाण-पत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर परिसर से बाहर किया गया तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था की गरिमा एवं वादकारियों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण के वकालत करना अधिवक्ता अधिनियम, 1961 का स्पष्ट उल्लंघन है। भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि कचहरी परिसर को दलाल-मुक्त बनाया जा सके।

वहीं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने बताया कि पिछले कुछ समय से फर्जी मुंशियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा वादकारियों से धन उगाही की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। यह अभियान वादकारियों को शोषण से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पंजीकृत अधिवक्ताओं से अपने मुवक्किलों को जागरूक करने तथा केवल अधिकृत मुंशियों को ही रखने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि दोनों बार एसोसिएशन न्यायिक परिसर की पवित्रता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

इस अभियान में योगेश कुमार द्विवेदी, पवन कुमार सिंह, ओम कुमार चतुर्वेदी, संतोष पटेल, राजेश कुमार यादव, धीरज कुमार पांडेय, सुरेश सिंह कुशवाहा, अशोक पाठक, प्रवीण प्रताप सिंह, आशीष मिश्रा मंटू, टीटू गुप्ता, शारदा मौर्य, संतोष यादव, कामता यादव सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!