Cabinet Decision: मोदी कैबिनेट के 6 बड़े फैसले, 39 हजार करोड़ रुपये के पैकेज से कई सेक्टरों को राहत

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई। सरकार ने कुल 39 हजार करोड़ रुपये से अधिक के प्रावधान वाले छह बड़े निर्णयों का एलान किया है। इनमें सबसे अहम फैसला एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों को स्थिर रखने से जुड़ा है, जिससे विमानन क्षेत्र को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक स्तर पर ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच सरकार ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को 10 हजार करोड़ रुपये तक की बजटीय सहायता देने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य भारतीय एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमतों को नियंत्रित रखना और हवाई सेवाओं पर पड़ने वाले दबाव को कम करना है।
इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए 9,585 करोड़ रुपये की विशेष योजना को भी मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत पुराने बीएस-IV और उससे पुराने ट्रकों तथा बसों को आधुनिक बीएस-VI या इलेक्ट्रिक वाहनों से बदलने के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इन फैसलों से परिवहन, विमानन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही आर्थिक गतिविधियों को गति देने में भी मदद मिलेगी।



