मानपुर के खुटार में भीषण सड़क हादसा, कार-बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत
एक युवक गंभीर रूप से घायल, बेहतर इलाज के लिए शहडोल रेफर; क्षेत्र में शोक की लहर

उमरिया। ब्यूरो रिपोर्ट : राहुल शीतलानी, सब तक एक्सप्रेस
जिले के मानपुर-जयसिंहनगर मार्ग (एसएच-10) पर स्थित खुटार के पास फार्म हाउस के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मानपुर क्षेत्र के ग्राम गोवर्दे स्थित खैरभान टोला निवासी तीन युवक रिश्तेदारी से वापस अपने घर लौट रहे थे। घर से महज डेढ़ से दो किलोमीटर पहले खुटार के पास उनकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में रामकेश केवट (पिता रामभजन केवट) निवासी गोवर्दे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं प्रदीप केवट (पिता मुन्ना केवट), उम्र लगभग 30 वर्ष, ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में घायल हिमांशु केवट (पिता उमेश केवट), उम्र लगभग 26 वर्ष को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर से बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



