सरौली में श्री हनुमत महायज्ञ और दिव्य दरबार का हुआ भव्य समापन
सपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. लोकपति सिंह पटेल ने यज्ञ में आहुति देकर लिया आशीर्वाद, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

घोरावल (सोनभद्र)। रिपोर्ट : क्षितीश चतुर्वेदी, सब तक एक्सप्रेस
घोरावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा सरौली में आयोजित श्री हनुमत महायज्ञ, हनुमत कथा एवं तीन दिवसीय महा दिव्य दरबार का भव्य समापन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. लोकपति सिंह पटेल ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने यज्ञशाला की परिक्रमा कर आहुति अर्पित की तथा दिव्य दरबार में माथा टेककर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति की ओर से उनका फूल-माला एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर डॉ. लोकपति सिंह पटेल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं। तीन दिनों तक चले हनुमत कथा और दिव्य दरबार के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सरौली गांव के ग्रामीणों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।



