
नौरोजाबाद। ब्यूरो रिपोर्ट : राहुल शीतलानी, सब तक एक्सप्रेस
नगर परिषद नौरोजाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत हितग्राहियों के लिए गृह प्रवेश एवं हितलाभ (स्वीकृति प्रमाण पत्र) वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व सांसद ज्ञान सिंह शामिल हुए।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष कुशल सिंह, उपाध्यक्ष नईम उल्ला बेग, सभी पार्षदगण एवं एल्डरमैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिव प्रसाद धुर्वे के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ज्ञान सिंह एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा नए पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। वहीं जिन हितग्राहियों के पक्के मकान बनकर तैयार हो चुके थे, उन्हें विधि-विधान के साथ उनके नए घरों में गृह प्रवेश कराया गया। “मेरा घर, मेरा सम्मान” अभियान के तहत हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी गई।
अपने संबोधन में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व सांसद ज्ञान सिंह ने कहा कि सरकार गरीबों के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रधानमंत्री आवास योजना इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा आठ हितग्राहियों को उनके सपनों के घर में प्रवेश कराया गया है। उन्होंने इस कार्य के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए बधाई दी।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष कुशल सिंह, रजनीश शुक्ला, कार्यक्रम के नोडल अधिकारी आकाश यादव सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अपना पक्का घर और स्वीकृति पत्र प्राप्त कर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।



