सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला बर्खास्त, विभागीय जांच में आरोप सिद्ध
वरिष्ठ अधिकारियों पर निराधार आरोप लगाने, अनुशासनहीनता और नियमों के उल्लंघन का मामला

लखनऊ। सब तक एक्सप्रेस।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होने के बाद आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया/मीडिया मंचों के दुरुपयोग, विभागीय अनुशासनहीनता तथा विभागीय नियमों के लगातार उल्लंघन के आरोपों में की गई है।
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 7 मई 2026 को गठित जांच समिति ने मामले की विस्तृत जांच की। जांच के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए गए तथा आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला सहित सभी संबंधित व्यक्तियों को अपना पक्ष और साक्ष्य प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया। हालांकि, आरक्षी अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके।
जांच में यह पाया गया कि उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध निराधार आरोप सार्वजनिक रूप से प्रसारित किए, बिना साक्ष्य विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास किया, पुलिस बल में अनुशासनहीनता को बढ़ावा दिया, अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया तथा बिना अनुमति सोशल मीडिया का उपयोग कर उत्तर प्रदेश सोशल मीडिया नीति-2023, उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1956 तथा उत्तर प्रदेश वर्दी विनियम के प्रावधानों का उल्लंघन किया।
इन गंभीर आरोपों के सिद्ध होने पर पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया।
रिपोर्ट: सब तक एक्सप्रेस




