
सोनभद्र | ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस।
गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के एक वांछित आरोपी को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाया और न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के नेतृत्व में सर्विलांस और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई से की गई।
पुलिस के अनुसार, मुकदमा अपराध संख्या 163/2025 की विवेचना के दौरान अवैध गोवंश तस्करी से जुड़े एक संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में अब तक 25 से अधिक बैंक खातों का विश्लेषण किया जा चुका है, जिनमें लगभग 80 से 100 करोड़ रुपये के लेन-देन की जांच की गई है। पुलिस का कहना है कि तस्करी से प्राप्त धनराशि विभिन्न बैंक खातों और कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) खातों के माध्यम से अलग-अलग स्तर पर स्थानांतरित कर उसके वास्तविक स्रोत और लाभार्थियों को छिपाने का प्रयास किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि पश्चिम बंगाल के पांडुआ और मेमारी क्षेत्र से नकद धनराशि जमा कर उसे बिहार और अन्य राज्यों के खातों के माध्यम से स्थानीय पशु तस्करों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में कई राज्यों के लोगों की भूमिका सामने आई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा कुरैशी उर्फ हासिन कुरैशी निवासी बलिहट्टा, थाना पांडुआ, जिला हुगली (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश एवं वित्तीय जांच जारी है।



