तेज बारिश में गरीब का कच्चा मकान ढहा, परिवार बाल-बाल बचा
नौरोजाबाद वार्ड नंबर 5 की घटना, बंद पड़ी खदान के ऊपर बने मकान के ढहने से राहत व आवास की मांग तेज

उमरिया | राहुल शीतलानी, सब तक एक्सप्रेस
उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर परिषद के वार्ड नंबर 5 में मंगलवार सुबह हुई तेज बारिश के दौरान एक गरीब परिवार का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य समय रहते घर से बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मकान लालू कोल का था। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं और अब उनके पास सिर छिपाने के लिए भी सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर मकान ढहा है, उसके नीचे वर्षों से बंद पड़ी खदान मौजूद है। लोगों का आरोप है कि कुछ लोग इस खदान से कोयला निकालकर 60 से 70 रुपये प्रति बोरी के हिसाब से बेचकर अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। ऐसे में बंद खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, अस्थायी राहत और आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है। वहीं क्षेत्रवासियों की निगाहें अब प्रशासन पर टिकी हैं कि प्रभावित परिवार को कब तक राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाती है।



