उत्तर प्रदेशक्राइमटॉप न्यूजबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसोनभद्र

सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 620 मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर किए नष्ट

ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए विशेष अभियान के तहत कार्रवाई, तेज आवाज में अश्लील और भड़काऊ गाने बजाने वालों को भी दी गई सख्त चेतावनी

सोनभद्र | ब्यूरो रिपोर्ट : सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस।
सोनभद्र पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बड़ी कार्रवाई करते हुए 620 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती चौक (बढ़ौली चौराहा) पर की गई।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 अप्रैल 2026 से प्रत्येक शनिवार और रविवार को यातायात पुलिस एवं जनपदीय पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से विशेष वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का अवैध प्रयोग करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में अश्लील, अभद्र और भड़काऊ गाने बजाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों को भी सख्त चेतावनी दी गई और भविष्य में ऐसी गतिविधियों से बचने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान वाहनों से कुल 70 मॉडिफाइड साइलेंसर, 450 प्रेशर हॉर्न और 100 हूटर उतरवाकर जब्त किए थे। मंगलवार को इन सभी 620 अवैध उपकरणों का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात राज सोनकर, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा तथा यातायात प्रभारी नरेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग न करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर तेज आवाज में अश्लील, अभद्र या भड़काऊ गाने बजाकर ध्वनि प्रदूषण न फैलाएं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!