
सब तक एक्सप्रेस।संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
कार्यालय संवाददाता, फतेहपुर
फतेहपुर। 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर का 56वां स्थापना दिवस शनिवार को पूरे हर्षोल्लास, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी वाहिनी परिसर देशभक्ति, उत्साह और परंपराओं की जीवंत तस्वीर बनकर उभरा।
कार्यक्रम की शुरुआत सेनानायक मनोज कुमार अवस्थी (आईपीएस) द्वारा वाहिनी क्वार्टर गार्द पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं शस्त्र पूजन के साथ की गई। उन्होंने पीएसी परिवार के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इसके पश्चात पुलिस मॉडर्न स्कूल ग्राउंड में आयोजित विशाल मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनूप सिंह एवं सेनानायक मनोज अवस्थी द्वारा फीता काटकर किया गया। अतिथियों ने मेले में लगे विभिन्न विभागीय एवं रचनात्मक स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान ‘ई’ दल के स्टॉल को सर्वश्रेष्ठ घोषित करते हुए मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं आकाशवाणी लखनऊ से पधारीं वंदना गुप्ता तथा सहायक शिवरपाल पीसी आनंद मौर्य की प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक संध्या को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
समारोह के अंत में परेड ग्राउंड पर स्पून रेस, मटका रेस और मेढक दौड़ जैसी रोचक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विजयी प्रतिभागियों को सेनानायक द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शिवरपाल, विजय कुमार चौधरी, सीसी नीरज कुमार, आरटीसी प्रभारी सीसी रविंद्र प्रसाद सिंह, सीसी महितोष कुमार, सीसी दिनेश कुमार पांडेय, सीसी मुकेश सिंह सहित वाहिनी मुख्यालय व आरटीसी के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न दलों के अधिकारी व जवान बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
स्थापना दिवस समारोह ने एक बार फिर 12वीं वाहिनी पीएसी की अनुशासन, परंपरा और सामाजिक सहभागिता की मजबूत पहचान को सशक्त रूप से सामने रखा।
सब तक एक्सप्रेस



