दुबई एयरपोर्ट का डरावना दृश्य, सायरन बजते ही बम शेल्टर में भेजे गए सभी यात्री; वीडियो वायरल हुआ

ईरान के हमलों की चेतावनी के बीच दुबई एयरपोर्ट पर एयर रेड सायरन बजे, जिससे यात्रियों को बम शेल्टर में भेजा गया। यूएई की एयर डिफेंस सक्रिय हुई।
HighLights
- दुबई एयरपोर्ट पर ईरान हमले की चेतावनी के सायरन बजे।
- यात्रियों को तुरंत बम शेल्टर में सुरक्षित पहुंचाया गया।
- 30 मिनट बाद एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य हुआ।
ईरान की ओर से तेज होते हमलों के बीच दुबई एयरपोर्ट के आसपास एयर रेड सायरन मंगलवार को जोर से बजने लगे। ईरान से आए मिसाइल और ड्रोन हमले की चेतावनी मिलते ही यूएई की एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हो गई।
हालांकि यात्रियों और स्टाफ को तुरंत बम शेल्टर में भेज दिया गया। इस घटना का एक पैसेंजर ने वीडियो बनाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग शेल्टर की तरफ भाग रहे हैं। चेक-इन काउंटर भी पूरी तरह खाली थे।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट्स के मुताबिक, आने वाली फ्लाइट्स फुजैराह और अल-अइन शहरों के पास होल्डिंग पैटर्न में घूम रही थीं। करीब 30 मिनट बाद एयरपोर्ट पर ऑपरेशंस फिर से शुरू हो गए।
बहरीन में भी सायरन बजे
इस बीच बहरीन एयरपोर्ट पर भी उसी समय सायरन बज उठे। वहीं सोमवार को सऊदी अरब और कुवैत की फोर्सेस ने आठ ईरानी ड्रोन्स को मार गिराया। इनमें से दो ड्रोन्स सऊदी के पूर्वी इलाके में ऑयल फील्ड्स की तरफ जा रहे थे। पिछले हफ्ते ईरानी ड्रोन्स ने रास तनूरा रिफाइनरी को निशाना बनाया था।
शनिवार को भी दुबई एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन क्रैश हुआ था, जिसके बाद फ्लाइट ऑपरेशंस कुछ देर के लिए बंद हो गए। इंटरसेप्शन के दौरान वह गिरा और कॉनकोर्स ए के पास धमाका हुआ। हमले के बाद धुएं का बड़ा गुबार उठा और जोरदार ब्लास्ट की आवाज आई।
यूएई ने कहा है कि युद्ध शुरू होने से अब तक 221 बैलिस्टिक मिसाइलें डिटेक्ट की गई हैं। ड्रोन्स की संख्या 1,300 से ज्यादा है। दुबई और अबू धाबी एयरपोर्ट के अलावा पाम जुमेराह और बुर्ज अल अरब जैसे सिविलियन इलाकों पर भी हमले हुए हैं। यूएई की एयर डिफेंस ने ज्यादातर हमलों को नाकाम किया, लेकिन कुछ मलबा जमीन पर गिरा और नुकसान पहुंचा।



