प्रदेश में 10वां स्थान पाने वाली अर्पिता द्विवेदी का सम्मान, विधायक पहुँचे घर
500 में 490 अंक लाकर बढ़ाया जिले का मान, सीए बनने का सपना

उमरिया | राहुल शीतलानी, ब्यूरो चीफ
बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बड़ागांव की छात्रा अर्पिता द्विवेदी ने हाई स्कूल परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल किया है। अर्पिता ने 500 में से 490 अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अर्पिता की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक शिवनारायण सिंह लल्लू भैया उनके घर पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान विधायक ने अर्पिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके माता-पिता को भी बधाई दी।

विधायक ने अर्पिता से बातचीत के दौरान उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा, जिस पर अर्पिता ने बताया कि वह कक्षा 11वीं में कॉमर्स विषय लेकर आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना चाहती हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह, शिव कुमार साहू, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, विद्यालय के प्राचार्य सहित परिवारजन और क्षेत्र के अन्य लोग उपस्थित रहे। अर्पिता की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



