फतेहपुर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कई बीडीओ के तबादले
तत्काल प्रभाव से लागू आदेश, विकास कार्यों में तेजी लाने की मंशा

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के तबादले किए गए हैं। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह के अनुमोदन के बाद 15 अप्रैल 2026 को जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों को एक विकास खंड से दूसरे विकास खंड में स्थानांतरित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, रत्नाकर त्रिपाठी को विजईपुर से बहुआ स्थानांतरित किया गया है और उन्हें असोथर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं जयप्रकाश को बहुआ से विजईपुर भेजा गया है। कमलेश बहादुर सिंह को हथगाम से मलवां स्थानांतरित किया गया है।

इसी क्रम में राहुल मिश्र को असोथर से हटाकर हथगाम में तैनात किया गया है और उन्हें तेलियानी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
प्रशासन की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें और इसकी सूचना अधोहस्ताक्षरी कार्यालय को उपलब्ध कराएं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अतिरिक्त प्रभार के लिए कोई अतिरिक्त भत्ता देय नहीं होगा।
इस प्रशासनिक फेरबदल को लेकर जिले में चर्चाएं तेज हैं। माना जा रहा है कि शासन का उद्देश्य विकास कार्यों में तेजी लाना और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है।




