टॉप न्यूजबड़ी खबरबिहारब्रेकिंग न्यूज

बिहार में पुलिस टीम पर हमला, SI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल

जांच करने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने बरसाए ईंट-पत्थर, 16 नामजद व 20 अज्ञात पर केस दर्ज

सब तक एक्सप्रेस | प. चंपारण
बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया अंतर्गत नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र के मढिया गांव में जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में एक एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों का इलाज नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल में कराया गया।
जानकारी के अनुसार मढिया गांव निवासी पार्वती देवी ने शिकारपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि घर के सामने रास्ते पर अवैध कब्जा किया गया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि आम के चार पेड़ों सहित कई पेड़ काट दिए गए हैं। इसी मामले की जांच के लिए एसआई रविशंकर प्रसाद पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे थे।
बताया गया कि पुलिस टीम कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के महिला और पुरुष लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंच गए और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। आरोप है कि महिला गार्ड संध्या कुमारी का मोबाइल भी छीन लिया गया और पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई।
इसके बाद हमलावरों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हमले में एसआई रविशंकर प्रसाद, गार्ड संध्या कुमारी और अभिषेक कुमार घायल हो गए। आरोपियों ने पुलिस वाहन के पहिए में कील ठोककर उसे पंचर भी कर दिया।
मामले में पुलिस ने 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!