
सोनभद्र। वरिष्ठ संवाददाता राम अनुज धर द्विवेदी
आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में उनके गांवों में स्मारक निर्माण की मांग को लेकर आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (एआईपीएफ) ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन बभनी विकास खंड कार्यालय में बीडीओ के माध्यम से दिया गया।
एआईपीएफ के जिला सचिव इंद्रदेव खरवार एवं ब्लॉक संयोजक देव कुमार खरवार ने ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम पंचायत घघरा के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शनिचर राम खरवार तथा ग्राम पंचायत चवना के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामेश्वर खरवार के सम्मान में स्मारक निर्माण की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि बभनी ब्लॉक के विभिन्न आदिवासी जनप्रतिनिधियों एवं समाज के गणमान्य नागरिकों द्वारा लंबे समय से आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान देने की मांग उठाई जाती रही है। इस संबंध में कई बार प्रशासन को पत्र भेजकर अनुरोध किया गया कि आजादी के अमृत काल में आदिवासी नायकों के योगदान को सम्मानित करते हुए उनके गांवों में स्मारक का निर्माण कराया जाए।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस विषय को मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाया जा चुका है। एआईपीएफ ने प्रशासन से मांग की है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शनिचर राम खरवार एवं रामेश्वर खरवार की स्मृति में क्रमशः घघरा और चवना गांव में स्मारक निर्माण कराया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि आदिवासी समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को उचित सम्मान मिलना चाहिए और उनके इतिहास को संरक्षित करने के लिए स्मारक निर्माण आवश्यक है।



