सोमा ग्राम पंचायत के लोगों को जल्द मिले पेयजल सुविधा : संदीप मिश्रा
संघर्ष मोर्चा की जन चौपाल में ग्रामीणों ने उठाया पेयजल संकट का मुद्दा, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

ब्यूरो रिपोर्ट : सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस
सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा द्वारा चलाए जा रहे “पेड़ है तो प्राण है” अभियान के तहत जनपद के सुदूर वनवासी क्षेत्र सोमा ग्राम पंचायत में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वन संपदा के संवर्धन, सोनभद्र में तेंदुआ सफारी तथा कृषि वानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए कहा कि जल जीवन मिशन और हर घर नल योजना के बावजूद उन्हें स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना था कि वे आज भी नालों और तालाबों के पानी को कपड़े से छानकर पीने को मजबूर हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद संदीप मिश्रा ने जिलाधिकारी सोनभद्र एवं जल निगम के अधिकारियों से वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि वनवासी क्षेत्रों के लोग स्वच्छ पानी के लिए परेशान हैं तो यह चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि सोमा ग्राम पंचायत के लोगों को जल्द से जल्द पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
संदीप मिश्रा ने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ग्रामीणों के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट पर व्यापक जन आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी जल निगम और जिला प्रशासन की होगी।
कार्यक्रम में आकाश चौहान, शत्रुघ्न बिंद, विजय चौहान, बिंदु खरवार, मुखलाल चेरो, सुष्मिता धनगर, दिनेश चेरो, नागेंद्र धनगर, आकाश, राज, राधा, कन्हैया लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



