कल्यानपुर पुलिस की मुठभेड़ में वांछित हिस्ट्रीशीटर शाहनवाज घायल, गिरफ्तार
बोलेरो, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और नकदी बरामद, दूसरा आरोपी फिरोज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

फतेहपुर। संवाददाता ब्रिजेन्द्र मौर्य, सब तक एक्सप्रेस।
जनपद फतेहपुर के थाना कल्यानपुर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लंबे समय से वांछित हिस्ट्रीशीटर शाहनवाज उर्फ साहिल पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फिरोज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल अभियुक्त को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना कल्यानपुर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 131/2026 एवं 136/2026 के वांछित अभियुक्त शाहनवाज उर्फ साहिल पुत्र मंसूर निवासी ग्राम विसहिया, थाना हथिगवां, जनपद प्रतापगढ़ की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार सुबह थाना क्षेत्र के बिंदकी रोड स्थित दादनखेड़ा मोड़ के पास पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शाहनवाज के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो मिस कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा दो हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक शाहनवाज उर्फ साहिल के खिलाफ फतेहपुर सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका विस्तृत आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। वहीं फरार आरोपी फिरोज निवासी ग्राम करारी, थाना करारी, जनपद कौशांबी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
थाना कल्यानपुर पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें सक्रिय हैं।



