पॉलिटिक्स

Karnataka New Cabinet: कांग्रेस ने कर्नाटक में किया बड़ा फेरबदल, 20 मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में सोमवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब कांग्रेस सरकार ने लंबे इंतजार के बाद अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया। कांग्रेस आलाकमान की मंजूरी के बाद मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की सरकार में 20 नए और पुराने नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इनमें 12 विधायक पहली बार मंत्री बने, जबकि 8 नेताओं की कैबिनेट में वापसी हुई है। नई टीम में गायत्री शांतेगौड़ा अकेली महिला मंत्री हैं।

बेंगलुरु के लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में सभी मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। मंत्री बनने वालों में पीएम नरेंद्रस्वामी, शिवराज तंगदागी, बी. नागेंद्र, जमीर अहमद खान, रिजवान अरशद, संतोष लाड, मधु बंगारप्पा, लक्ष्मण सावदी सहित कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, सामाजिक समीकरण और संगठन में योगदान जैसे पहलुओं को विशेष महत्व दिया गया। पार्टी ने युवा चेहरों के साथ अनुभवी नेताओं को भी जिम्मेदारी देकर आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संतुलित टीम तैयार करने की कोशिश की है।

मंत्रिमंडल विस्तार के साथ-साथ कांग्रेस आलाकमान ने विधानसभा और विधान परिषद के प्रमुख पदों पर भी नई नियुक्तियों को मंजूरी दी है। जीएस पाटिल को विधानसभा अध्यक्ष, एएस पोन्नान्ना को उपाध्यक्ष, सलीम अहमद को विधान परिषद का सभापति और उमाश्री को उपसभापति नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस का मानना है कि नए मंत्रिमंडल के गठन से सरकार की कार्यक्षमता बढ़ेगी, प्रशासनिक फैसलों में तेजी आएगी और राज्य के सभी क्षेत्रों को बेहतर प्रतिनिधित्व मिलेगा। वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह विस्तार आगामी चुनावों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति का भी हिस्सा माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!