जयपुर

पेट्रोल छिड़ककर प्रेमी युगल को आग के हवाले किया, जयपुर में दर्दनाक वारदात, हालत गंभीर।

राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मौखमपुरा इलाके में एक युवक और युवती के साथ ऐसी निर्मम वारदात हुई जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। आरोप है कि दोनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। अचानक लगी आग के कारण दोनों जोर-जोर से चीखने लगे, उनकी आवाज़ सुनकर आस-पास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की और उन्हें बचाया। हालांकि, तब तक दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक-युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

दोनों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत अधिक गंभीर होने की वजह से उन्हें सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों के शरीर का लगभग 60 से 70 प्रतिशत हिस्सा जल चुका है, जिसके चलते इलाज में काफी समय लगेगा और उनकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात की है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को अंदेशा है कि मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हो सकता है। हालांकि अभी तक पीड़ितों के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं क्योंकि वे बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस का कहना है कि जब उनकी हालत स्थिर हो जाएगी, तभी पूरे मामले पर स्पष्ट रूप से जानकारी मिल पाएगी।

डिप्टी एसपी दीपक खंडेलवाल ने जानकारी दी कि पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस जघन्य वारदात की पीछे क्या वजह थी और इसमें कितने लोग शामिल हैं। इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आस-पास के लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

इस घटना ने स्थानीय लोगों को हिलाकर रख दिया है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसा अपराध करने की हिम्मत न कर सके।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!