उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजफतेहपुरबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसीतापुरसोनभद्रस्वास्थ्य

डायरेक्टर हेल्थ डॉ. संजू अग्रवाल ने आयुष्मान आरोग्य मेलों का किया निरीक्षण

व्यापक प्रचार-प्रसार और एनसीडी स्क्रीनिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश

सब तक एक्सप्रेस।

फतेहपुर | 15 दिसंबर 2025 | संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य

डायरेक्टर हेल्थ एवं स्टेट मेला प्रभारी डॉ. संजू अग्रवाल तथा अपर निदेशक (नोडल एनसीडी प्रोग्राम) डॉ. अलका शर्मा द्वारा रविवार को जनपद फतेहपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेलियानी में आयोजित आयुष्मान आरोग्य मेले का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रातः 11:30 बजे तक गोपालगंज पीएचसी में 30 मरीज तथा अपरान्ह 1:00 बजे तक तेलियानी पीएचसी में 33 मरीज पंजीकृत पाए गए। इस दौरान डॉ. बृजेश कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (गोपालगंज) एवं डॉ. अतुल श्रीवास्तव, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (तेलियानी) उपस्थित रहे।

प्रचार-प्रसार बढ़ाने और आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश

डॉ. संजू अग्रवाल ने आयुष्मान आरोग्य मेलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक आशा कार्यकर्ता कम से कम 5 रोगियों को मेले में लाना सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान औषधि वितरण कक्ष, कोल्ड चेन प्वाइंट एवं लेबर रूम का गहन अवलोकन किया गया। इस समय गोपालगंज पीएचसी में 2 प्रसूताएं तथा तेलियानी पीएचसी में 1 प्रसूता भर्ती पाई गईं। अधिकारियों ने उनसे बातचीत की, जिसमें सभी प्रसूताएं उपलब्ध कराई गई सुविधाओं से संतुष्ट नजर आईं।

डॉ. संजू अग्रवाल ने निर्देश दिए कि सभी नवजात शिशुओं को हेपेटाइटिस-बी, विटामिन-के और बीसीजी का टीकाकरण शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए।

एनसीडी कार्यक्रम पर विशेष जोर

डॉ. अलका शर्मा ने एनसीडी (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) कार्यक्रम की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी मरीजों का ब्लड प्रेशर एवं शुगर परीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाए और इसके लिए अलग काउंटर स्थापित किया जाए।

स्क्रीनिंग के दौरान हाई बीपी या शुगर पाए जाने वाले मरीजों को निःशुल्क दवा उपलब्ध कराने, नियमित फॉलोअप करने तथा ई-कवच पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई

निरीक्षण के दौरान गोपालगंज पीएचसी की उपस्थिति पंजिका में डॉ. जयंत (आयुष चिकित्सक), अजय व पुष्पेन्द्र (डाटा एंट्री ऑपरेटर), अंजू (एसटीएस), गुलाब (एचएस), आदित्य, रवि एवं हिमांशु (बीएचडब्ल्यू) अनुपस्थित पाए गए। वहीं तेलियानी पीएचसी में शिवांश (बीएचडब्ल्यू) अनुपस्थित मिले।

इस पर डॉ. संजू अग्रवाल ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

सब तक एक्सप्रेस

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!