उमरियाटॉप न्यूजबड़ी खबरमध्य प्रदेशराज्यराष्ट्रीय

मां बिरासिनी के दरबार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज करेंगे दर्शन

सब तक एक्सप्रेस
ब्यूरो चीफ, उमरिया: राहुल शीतलानी
उमरिया/बिरसिंहपुर पाली। जिले के लिए धार्मिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण दिन आज 31 दिसंबर को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मां बिरासिनी के दर्शन के लिए बिरसिंहपुर पाली पहुंचेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री लगभग दोपहर 2 बजे एमपीईवी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगे, जहां से सीधे मां बिरासिनी मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और मंदिर समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
बताया गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। मां बिरासिनी मंदिर न केवल मध्यप्रदेश बल्कि आसपास के राज्यों में भी आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष अवसरों पर यहां भक्तों की भीड़ और बढ़ जाती है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 30 दिसंबर को उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के भ्रमण पर रहे, जहां उन्होंने सुबह जंगल सफारी का आनंद लिया और वन्य पर्यटन व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वे जिले के अन्य कार्यक्रमों में शामिल हुए तथा रात्रि विश्राम उमरिया में किया। नववर्ष की पूर्व संध्या पर मां बिरासिनी के दर्शन कर मुख्यमंत्री आध्यात्मिक संदेश देने जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए बिरसिंहपुर पाली क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि आम भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मां बिरासिनी के दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री पुनः उमरिया लौटेंगे, जहां वे प्रस्तावित अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री के इस धार्मिक दौरे को लेकर क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। लोगों को उम्मीद है कि इस दौरे से क्षेत्र के विकास और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!