
जयपुर/सब तक एक्सप्रेस।
जयपुर। जयपुर नगर निगम के हवामहल-आमेर जोन की उपायुक्त सीमा चौधरी के खिलाफ पत्रकार संगठन “वॉइस ऑफ मीडिया” ने आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ज्ञापन में आरोप है कि जब भी पत्रकार आमजन की समस्याओं और विभिन्न मामलों की जानकारी लेने के लिए उपायुक्त सीमा चौधरी से मिलने उनके कार्यालय पहुंचते हैं, तो उन्हें दो-दो घंटे तक बाहर इंतजार कराया जाता है। इसके बावजूद उनसे मुलाकात नहीं हो पाती और वे बिना मिले ही कार्यालय से चली जाती हैं।
पत्रकारों का कहना है कि गेट पर मौजूद गार्ड और कर्मचारी यह कहकर अंदर जाने से रोक देते हैं कि “मैडम मीटिंग में हैं”, जबकि उसी दौरान कथित रूप से रसूखदार लोगों को तुरंत अंदर बुला लिया जाता है। आरोप यह भी है कि गार्डों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पत्रकारों को अंदर न यआने दिया जाए।
इसके अलावा ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में उनका निजी ड्राइवर भी बैठता है, जो कि एक सरकारी कार्यालय के नियमों के खिलाफ माना जा रहा है। इस पर भी जांच की मांग की गई है।
पत्रकार संगठन ने यह भी बताया कि सीमा चौधरी के खिलाफ पूर्व में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है, जिसकी जांच अभी लंबित है।
“वॉइस ऑफ मीडिया” और नव चेतना पत्रकार संघ ने आयुक्त से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए उपायुक्त सीमा चौधरी को तत्काल पद से हटाया जाए और पत्रकारों को अनावश्यक इंतजार से राहत दी जाए।



