नौरोजाबाद को बिजली कटौती से मिलेगी राहत, नई विद्युत लाइन निर्माण का निर्णय
पटपरा से पिनौरा तक नई लाइन बिछाने की तैयारी, अलग फीडर से जुड़ेगा क्षेत्र

उमरिया | ब्यूरो चीफ राहुल शीतलानी
नौरोजाबाद क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले 3-4 दिनों से क्षेत्रीय विधायक द्वारा विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें की जा रही थीं। इन बैठकों में जेई, एई और डीई स्तर के अधिकारी मौजूद रहे, जहां बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि पटपरा से जंगल मार्ग होते हुए नगाड़ा घाट के रास्ते पिनौरा तक नई विद्युत लाइन डायवर्ट की जाएगी। इसके लिए सर्वे कार्य कल से शुरू किया जाएगा, जबकि आगामी 2 से 4 दिनों के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
अधिकारियों के अनुसार यदि निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा हो जाता है, तो लगभग एक माह के भीतर नौरोजाबाद को अलग फीडर से जोड़ दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।



