लापता किशोर का जंगल में मिला शव, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी
मानपुर से लापता 15 वर्षीय मयंक चौधरी का शव सरमनिहां जंगल में बरामद, पुलिस जांच में जुटी

उमरिया | ब्यूरो चीफ राहुल शीतलानी
उमरिया जिले के नगर परिषद मानपुर अंतर्गत वार्ड क्रमांक 8 से कुछ दिनों पूर्व लापता हुए 15 वर्षीय किशोर मयंक चौधरी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। किशोर का शव तहसील क्षेत्र के ग्राम सरमनिहां के जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक मयंक चौधरी मूल रूप से लालनगर कैमूर, जिला कटनी का निवासी था। वह इन दिनों मानपुर में अपने रिश्तेदार पीडी प्रभाकर के यहां आया हुआ था। बीते 14 मई 2026 को शाम करीब 6:30 बजे मयंक अचानक लापता हो गया था, जिसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
सोमवार को उसका शव सरमनिहां के जंगल में मिलने से परिवार की उम्मीदें पूरी तरह टूट गईं। शव पर संदेहास्पद निशान पाए जाने की बात सामने आई है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।
सूत्रों के अनुसार इस मामले में पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और संभावना जताई जा रही है कि एक या दो दिन के भीतर पूरे मामले का खुलासा किया जा सकता है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।



