युवाओं की नाराजगी या डिजिटल व्यंग्य? सोशल मीडिया पर छाई कॉकरोच जनता पार्टी

नई दिल्ली: सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ तेजी से ट्रेंड कर रही है। यह कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक डिजिटल व्यंग्य अभियान है, जिसने कुछ ही दिनों में लाखों युवाओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
यह अभियान उस समय शुरू हुआ जब सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान प्रधान न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की कथित टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इंटरनेट मीडिया पर इस बयान को लेकर युवाओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। हालांकि बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया।
इसी बीच सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से अभियान शुरू किया गया। इसका मकसद व्यंग्य और मीम्स के जरिए बेरोजगारी, राजनीति और व्यवस्था पर सवाल उठाना बताया जा रहा है।
इस डिजिटल आंदोलन की शुरुआत अभिजीत डिपके ने की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों को पार्टी से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया। बताया जा रहा है कि वह पहले आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम से जुड़े रहे हैं।
पार्टी की सबसे खास बात इसका व्यंग्यात्मक अंदाज है। सदस्यता के लिए “बेरोजगार”, “हमेशा ऑनलाइन” और “शिकायत करने में माहिर” जैसी शर्तें रखी गई हैं। हालांकि इसके जरिए युवाओं की वास्तविक समस्याओं और इंटरनेट संस्कृति दोनों को एक साथ दिखाने की कोशिश की गई है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपना घोषणा पत्र भी जारी किया है। इसमें महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, दल बदलने वाले नेताओं पर प्रतिबंध लगाने और न्यायिक नियुक्तियों में पारदर्शिता बढ़ाने जैसी मांगें शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर इस अभियान को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। इंस्टाग्राम और एक्स पर लाखों लोग इससे जुड़ चुके हैं। कई यूजर्स इसे युवाओं की नई डिजिटल आवाज बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे इंटरनेट ट्रेंड और राजनीतिक व्यंग्य का मिश्रण मान रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह ट्रेंड इस बात का संकेत है कि आज की युवा पीढ़ी अपनी बात रखने के लिए पारंपरिक तरीकों के बजाय इंटरनेट और मीम कल्चर का इस्तेमाल अधिक कर रही है।



