उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसोनभद्र

घोरावल में राज्य कर विभाग ने आयोजित किया कर जागरूकता एवं व्यापारी संवाद कार्यक्रम

जीएसटी अनुपालन, ऑनलाइन सेवाओं और करदाता सुविधाओं की दी जानकारी, व्यापारियों की समस्याओं का किया गया समाधान

वरिष्ठ संवाददाता राम अनुज धर द्विवेदी | सब तक एक्सप्रेस

सोनभद्र। राज्य कर विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा करदाताओं एवं व्यापारियों में कर अनुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विभाग एवं व्यापारिक समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से वृन्दावन गार्डन, घोरावल में कर जागरूकता एवं व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में उप आयुक्त राज्य कर खण्ड-1 सोनभद्र श्री रितेश मिश्रा, सहायक आयुक्त राज्य कर खण्ड-1 सोनभद्र श्री सुधीर गौतम तथा राज्य कर अधिकारी श्री उपेन्द्र कुमार सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप आयुक्त श्री रितेश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश एवं जनपद के आर्थिक विकास में व्यापारियों और उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने व्यापारियों से समयबद्ध तरीके से रिटर्न दाखिल करने, कर देयताओं का पालन सुनिश्चित करने तथा विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने का आह्वान किया।

सहायक आयुक्त श्री सुधीर गौतम ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के अंतर्गत पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, ई-वे बिल, इनपुट टैक्स क्रेडिट तथा नवीनतम कानूनी प्रावधानों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग एवं त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

राज्य कर अधिकारी श्री उपेन्द्र कुमार सिंह ने विभाग द्वारा संचालित ऑनलाइन सेवाओं, करदाता सुविधा उपायों तथा स्वैच्छिक कर अनुपालन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि करदाताओं एवं विभाग के बीच बेहतर संवाद से कर प्रशासन अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनता है।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों एवं उद्यमियों ने विभिन्न कर संबंधी प्रश्न और जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। उपस्थित व्यापारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष दयाशंकर, पूर्व महामंत्री अमरेश चन्द्र उमर, महामंत्री राजकुमार गुप्ता, वरिष्ठ व्यापारी कृष्ण कुमार (किशानु जी), कैलाश प्रसाद उमर, नंदलाल उमर (मुनीम जी), हरिओम अधिवक्ता, एडवोकेट शुभम गुप्ता, राजेंद्र कुमार मानव, लक्ष्मीचंद उमर, कौशल साहू, अजय कुमार त्रिपाठी, शमीम अहमद, नीलू, विष्णु उपाध्याय, धीरज कुमार उमर, शेष कुमार उमर, आशुतोष कुमार, राहुल कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। सभी प्रतिभागियों ने राज्य के राजस्व संवर्धन तथा कर अनुपालन को मजबूत बनाने में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!