क्राइम

Bulandshahr: एलएलबी छात्र अंकुर चौधरी हत्याकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी चेतन मुठभेड़ में गिरफ्तार

Bulandshahr, Uttar Pradesh

बुलंदशहर के खुर्जा में एलएलबी के अंतिम वर्ष के छात्र अंकुर चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार रात पुलिस और स्वाट टीम की मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी चेतन घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाया और उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री के अनुसार, 20 अगस्त को बिजलीघर नंबर-4 के पास कार सवार कुछ लोगों ने मुहल्ला मुरारी नगर निवासी अंकुर चौधरी को घेर लिया था। आरोप है कि हमलावरों ने एलएलबी के अंतिम वर्ष के छात्र पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। हमले में अंकुर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और बाद में नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के संबंध में अनिल शर्मा उर्फ पुन्ना की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद और छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मुकदमे में फायरिंग का आरोप भी लगाया गया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया।

पुलिस के अनुसार, मामले में वांछित आरोपियों में निशांत चौधरी, सौरभ, कृष्णा, भूपेंद्र चौधरी, लाखन, राजेंद्र और करन के नाम शामिल थे। आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने इनाम घोषित किया था। पुलिस ने पहले लाखन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके बाद भूपेंद्र और निशांत की गिरफ्तारी हुई, जबकि करन ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को चेतन की भूमिका की जानकारी मिली। इसके बाद एसएसपी ने उस पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। रविवार रात पुलिस टीम समसपुर चौकी क्षेत्र के गांव कमालपुर के निकट वाहन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक वहां से गुजरा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, पीछा किए जाने के दौरान युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी।

घायल युवक को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची। पूछताछ में उसने अपना नाम चेतन निवासी बगरई खुर्द बताया। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। उसकी बुलेट मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।

पुलिस के मुताबिक, चेतन पर पहले से करीब पांच मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!