खेल

राहुल द्रविड़ को मिला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड , राहुल द्रविड़ ने की टीम इंडिया की तारीफ , भारतीय क्रिकेट की क्षमता अब मैदान पर दिख रही : द्रविड़

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाजों में शुमार राहुल द्रविड़ ने मौजूदा टीम इंडिया की जमकर तारीफ की है और कहा है कि देश में जो प्रतिभा मौजूद है उसका असर मैदान पर अब और ज्यादा दिखने लगा है।

 पूर्व भारतीय कप्तान और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि भारतीय क्रिकेट में वर्षों से मौजूद अपार प्रतिभा अब मैदान पर लगातार मिल रही सफलताओं के रूप में दिखाई देने लगी है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में मिली उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि भारतीय क्रिकेट की संभावनाएं अब वास्तविक उपलब्धियों में बदल रही हैं।

द्रविड़ को बीसीसीआई के वार्षिक पुरस्कार समारोह में प्रतिष्ठित कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट के लिए यह समय बेहद खास है क्योंकि प्रतिभा, ढांचा और समर्पण तीनों मिलकर शानदार परिणाम दे रहे हैं।

प्रतिभा की कमी नहीं रही

पिछले दो वर्षों में भारत ने आईसीसी के कई प्रमुख टूर्नामेंट अपने नाम किए हैं। इनमें पुरुषों के लगातार दो टी20 विश्व कप, महिला वनडे विश्व कप, पुरुष अंडर-19 विश्व कप और महिला अंडर-19 टी20 विश्व कप शामिल हैं।

द्रविड़ ने कहा, भारतीय क्रिकेट में हमेशा से प्रतिभा की कोई कमी नहीं रही। हमारे पास अच्छे प्रशासक, उत्कृष्ट कोच और बेहतरीन बुनियादी ढांचा रहा है। साथ ही मजबूत घरेलू क्रिकेट और जूनियर क्रिकेट प्रणाली ने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच दिया है।

उन्होंने 1996 में अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के समय को याद करते हुए कहा कि पिछले तीन दशकों में भारतीय क्रिकेट ने असाधारण प्रगति की है। द्रविड़ ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों, प्रशासकों, कोचों और सबसे बढ़कर क्रिकेट प्रेमियों को दिया। उनके अनुसार, भारतीय प्रशंसकों का उत्साह और समर्थन हमेशा से टीम के लिए प्रेरणा का स्त्रोत रहा है।

मौजूदा टीम को सराहा

2024 में टी-20 विश्व कप जीतने वाली टीम के कोच रहे द्रविड़ ने मौजूदा टीम की सराहना करते हुए कहा कि उम्मीदों के दबाव के बावजूद खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, टीम टूर्नामेंट की शुरुआत से ही पसंदीदा मानी जा रही थी और ऐसी स्थिति में खिताब जीतना आसान नहीं होता। लेकिन सूर्यकुमार यादव, गौतम गंभीर और पूरी टीम ने दबाव का शानदार तरीके से सामना किया और अंत तक मजबूत प्रदर्शन किया।

द्रविड़ ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सैमसन लंबे समय तक टीम में अंदर-बाहर होते रहे, लेकिन उन्होंने कड़ी मेहनत जारी रखी और महत्वपूर्ण मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी क्षमता साबित की।

अवॉर्ड के लिए जताया आभार

द्रविड़ ने कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिलने पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट ने उन्हें जीवन में कई अवसर दिए और देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए हमेशा गर्व की बात रही है। द्रविड़ ने कहा कि महान खिलाडि़यों के साथ खेलने और संन्यास के बाद भी खेल से जुड़े रहने का मौका मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!