ब्रेकिंग न्यूज

12वीं के मेधावी छात्रों के लिए सुनहरा मौका, JEE-NEET की फ्री कोचिंग के साथ मिलेगा मुफ्त हॉस्टल और खाना

इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं JEE और NEET की तैयारी करने वाले 12वीं के छात्रों के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ी पहल की है। सरकार ने दक्षिणा फाउंडेशन स्कॉलरशिप प्रोग्राम के तहत सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह मुफ्त रेजिडेंशियल कोचिंग शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग और मेडिकल संस्थानों में प्रवेश पाने का बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

शिक्षा निदेशालय (DoE) द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, यह स्कॉलरशिप 12वीं कक्षा के साइंस स्ट्रीम के उन छात्रों के लिए है जो वर्तमान में दिल्ली के सरकारी या सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ रहे हैं और जिनका शैक्षणिक प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है। चयनित विद्यार्थियों को JEE और NEET की उच्च गुणवत्ता वाली कोचिंग बिल्कुल मुफ्त दी जाएगी। खास बात यह है कि छात्रों को कोचिंग के साथ रहने, खाने, अध्ययन सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी बिना किसी शुल्क के उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस स्कॉलरशिप के लिए छात्रों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को दक्षिणा फाउंडेशन के रेजिडेंशियल कैंपस में पढ़ाई का अवसर मिलेगा, जहां अनुभवी शिक्षकों की निगरानी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इस पहल का मकसद आर्थिक तंगी के कारण महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाने वाले प्रतिभाशाली छात्रों को समान अवसर देना है।

दिल्ली सरकार ने सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों को इस योजना की जानकारी छात्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इच्छुक छात्र अपने स्कूल प्रशासन से आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, प्रवेश परीक्षा और अन्य जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सरकार का मानना है कि यह पहल मेधावी छात्रों के लिए उच्च शिक्षा के नए रास्ते खोलेगी और उन्हें देश के शीर्ष संस्थानों तक पहुंचने में मदद करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!