यूपी में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा बूस्ट, अनुपूरक बजट में 2,023.50 करोड़ रुपये का प्रावधान

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं आधुनिक बनाने के लिए अनुपूरक बजट में 2,023.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को बेहतर, तेज और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बजट में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं के लिए 1,500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा शहरी सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 96 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का मानना है कि इससे अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और मरीजों को सुरक्षित वातावरण में इलाज मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को ‘गोल्डन आवर’ के भीतर जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) विकसित करने पर विशेष जोर दिया है। इसके तहत प्रदेशभर में लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 की त्रिस्तरीय आपातकालीन चिकित्सा इकाइयों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा मिल सके।
इसके अलावा सरकारी अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटरों के आधुनिकीकरण, चिकित्सा उपकरणों के उन्नयन और CARE-UP कार्यक्रम के तहत स्मार्ट ICU नेटवर्क विकसित करने के लिए भी बजटीय प्रावधान किए गए हैं। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था अधिक हाईटेक, प्रभावी और मरीज-केंद्रित बनेगी।



