भारत-अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौता अंतिम चरण में, विदेश मंत्रालय बोला- कुछ मुद्दों पर सहमति बाकी

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौता (Interim Trade Agreement) अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि दोनों देशों ने समझौते के अधिकांश पहलुओं पर व्यापक काम कर लिया है और अब केवल कुछ मुद्दों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों पक्ष जल्द ही इन लंबित बिंदुओं पर सहमति बनाकर समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ेंगे.
जायसवाल ने बताया कि जून में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधिमंडल भारत आया था, जहां कई दौर की वार्ता हुई। इन चर्चाओं में व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग बढ़ाने से जुड़े अहम मुद्दों पर प्रगति हुई है। प्रस्तावित समझौते का उद्देश्य दोनों देशों के कारोबारी संबंधों को और मजबूत करना तथा व्यापारिक बाधाओं को कम करना है।
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान विदेश मंत्रालय ने अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी जानकारी दी। ईरान के चाबहार पोर्ट को लेकर जायसवाल ने कहा कि भारत अमेरिकी प्रतिबंधों से जुड़े प्रभावों पर सभी संबंधित पक्षों के साथ लगातार संपर्क में है। वहीं, यूएई ने भगोड़े हुसैन मोहम्मद शत्ताफ के प्रत्यर्पण मामले में कुछ अतिरिक्त दस्तावेज मांगे हैं, जिन्हें उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा भारत और चीन के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा दोबारा शुरू होने और नागरिक उड्डयन संपर्क बहाल करने जैसे कदमों को द्विपक्षीय संबंधों के लिए सकारात्मक बताया गया।



