उमरिया ब्रेक: बाइक और ऑटो की भीषण टक्कर, दो युवकों की मौत
चार महिलाएं गंभीर घायल, 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया

उमरिया | राहुल शीतलानी
उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ागांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बाइक और ऑटो के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार ऑटो में कुल नौ लोग सवार थे। हादसे में बाइक चालक की भी मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।



