फतेहपुर में हाईवे किनारे बोरी में मिला अज्ञात महिला का शव
खागा क्षेत्र के स्कूरी मोड़ के पास खेत में मिला शव, हत्या की आशंका में जांच में जुटी पुलिस

संवाददाता : बृजेन्द्र मौर्य, सब तक एक्सप्रेस
फतेहपुर। जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हाईवे किनारे स्थित स्कूरी मोड़ के पास एक खेत में पीली बोरी के अंदर अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने खेत में पड़ी एक संदिग्ध बोरी देखी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी खोलकर देखा तो उसमें एक महिला का शव मिला। मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से यहां फेंका गया है। मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को आवश्यक साक्ष्य एकत्र करने के निर्देश दिए। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का मानना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



