अंतरराष्ट्रीय

सूरत में बनवाया नकली हीरा, सिंगापुर में 1.5 करोड़ के असली हीरे से की अदला-बदली; एयरपोर्ट पर पकड़े गए दो भारतीय

सिंगापुर: सिंगापुर में करीब 1.5 करोड़ रुपये (1,54,000 अमेरिकी डॉलर) कीमत के 4.95 कैरेट हीरे की चोरी की साजिश रचने वाले दो भारतीय नागरिकों में से एक को अदालत ने 2 साल, 2 महीने और 2 हफ्ते की जेल की सजा सुनाई है। दोनों आरोपियों ने सूरत में तैयार करवाए गए नकली हीरे से असली हीरे को बदलने की योजना बनाई थी, लेकिन देश छोड़ने से पहले ही चांगी एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिए गए।

सूरत में बनवाया था हूबहू नकली हीरा

रिपोर्ट के मुताबिक, 41 वर्षीय मंगरोलिया मनोजकुमार कुर्जीभाई और 30 वर्षीय सेरासिया मिलान रामनिकभाई एक साझा परिचित के जरिए मिले थे। सिंगापुर रवाना होने से पहले उन्होंने सूरत में ऐसा नकली हीरा तैयार कराया, जो असली हीरे के आकार, स्पेसिफिकेशन और सीरियल नंबर से मेल खाता था।

ऐसे दिया चोरी को अंजाम

19 जून 2026 को दोनों सोशल विजिट पास पर सिंगापुर पहुंचे और चाइनाटाउन स्थित Dianoche ज्वेलरी स्टोर पहुंचे। वहां मंगरोलिया ने सेल्स मैनेजर का ध्यान दूसरी ज्वेलरी दिखाने में उलझाए रखा, जबकि मिलान ने अपने मुंह में छिपाकर रखा नकली हीरा निकालकर असली 4.95 कैरेट हीरे से बदल दिया। इसके बाद उसने असली हीरे को अपने मुंह में छिपा लिया।

CCTV ने खोल दी पूरी साजिश

दोनों ग्राहक बनकर दुकान से निकल गए और कहा कि वे खरीदारी के बारे में सोचकर बताएंगे। उनके जाने के बाद सेल्स मैनेजर ने जेमस्टोन आइडेंटिफिकेशन मशीन से जांच की तो पता चला कि हीरा नकली है। दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखने पर पूरी अदला-बदली की घटना सामने आ गई।

होटल से सीधे एयरपोर्ट पहुंचे, लेकिन बच नहीं सके

वारदात के बाद दोनों होटल लौटे, तय समय से पहले चेक-आउट किया और उसी शाम भारत लौटने की फ्लाइट बुक कर ली। हालांकि, रात करीब 8:50 बजे चांगी एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर इमिग्रेशन के दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में असली हीरा मिलान के बैग से बरामद हुआ।

एक को सजा, दूसरे की सुनवाई बाकी

अदालत ने मनोजकुमार मंगरोलिया को चोरी के मामले में दोषी मानते हुए 2 साल, 2 महीने और 2 हफ्ते की जेल की सजा सुनाई। वहीं, सह-आरोपी सेरासिया मिलान रामनिकभाई के मामले की सुनवाई अभी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!