पुत्र की दीर्घायु के लिए महिलाओं ने रखा हलछठ व्रत, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में हुआ आयोजन

सोनभद्र, सब तक एक्सप्रेस
भाद्रपद कृष्ण पक्ष की षष्ठी तिथि पर गुरुवार को जिलेभर में हलछठ पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। पुत्र की लंबी आयु और घर-परिवार में सुख-समृद्धि की कामना करते हुए महिलाओं ने दिनभर का व्रत रखा और हलषष्ठी माता की पूजा-अर्चना की।
श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर परिसर महुआंव पाण्डेय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में महिलाओं ने सुबह स्नान कर विधि-विधान से पूजा आरंभ की। इस दौरान हलषष्ठी माता की कथा वाचन, हवन और बलराम जी के जन्मोत्सव की विशेष आरती की गई। बलराम जी के मुख्य शस्त्र हल और मूसल होने के कारण इस दिन को हलधर जयंती के रूप में भी मनाया गया।
अध्यक्ष नीलम द्विवेदी ने बताया कि परंपरा के अनुसार इस पर्व पर भैंस के दूध की दही और महुआ के फल से बने प्रसाद का वितरण किया जाता है, साथ ही पलास, महुआ, आम, बैर और कुसा के पत्तों-टहनियों का प्रयोग पूजा में अनिवार्य माना जाता है। कार्यक्रम में उमा केसरी, सपना, किरण देवी, सीमा, रानी, सुमन, उषा, गीता सहित बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और बच्चे शामिल हुए।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भी हलछठ पर्व का उल्लास देखने को मिला, जहां महिलाओं ने पारंपरिक रीति से व्रत कर पुत्र के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।