डंपर की टक्कर से मां-बेटे की मौत, एक पुत्र गंभीर घायल
फतेहपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक को 100 मीटर तक घसीटता ले गया डंपर

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के दूधी कगार मोड़ के पास तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सिमौर निवासी पुष्पा देवी पत्नी मूलचंद अपने दो बेटों सूरज मौर्य और अनुराग मौर्य के साथ बाइक से कहीं जा रही थीं। इसी दौरान दूधी कगार मोड़ के पास अनियंत्रित डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुष्पा देवी और उनके पुत्र सूरज मौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनुराग मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बाइक डंपर में फंस गई और चालक वाहन को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घायल अनुराग को पहले गोपालगंज में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



