सराफा व्यापारी से लूट: मारपीट कर गहनों से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश
साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यापारी को रास्ते में रोका, 1 लाख से अधिक का सामान लूटा

उमरिया | ब्यूरो चीफ राहुल शीतलानी | सब तक एक्सप्रेस
उमरिया जिले के पाली थाना अंतर्गत घुनघुटी चौकी क्षेत्र में शनिवार शाम सराफा व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई है। साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यापारी को तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में रोककर मारपीट की और सोना-चांदी के गहनों व नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रजत कुमार सोनी (32) निवासी ग्राम बिजौरी, थाना सोहागपुर जिला शहडोल, साप्ताहिक बाजारों में सोना-चांदी के गहने बेचने का काम करता है। शनिवार को वह अपने साथी सुरेन्द्र सिंह के साथ ग्राम चौरी के साप्ताहिक बाजार में गहने बेचने गया था। बाजार समाप्त होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे।
मानपुर-शहडोल मार्ग पर ग्राम बलबई करौदियाई के पास पीछे से बिना नंबर की काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और चलती बाइक से बैग छीनने का प्रयास करने लगे। छीना-झपटी के दौरान व्यापारी की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद दो बदमाशों ने व्यापारी के साथ मारपीट की, जबकि तीसरा आरोपी गहनों और नगदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। वारदात के बाद तीनों आरोपी बाइक से ओदरी की ओर भाग निकले।
फरियादी के मुताबिक बैग में करीब 300 ग्राम चांदी के गहने, 2 ग्राम सोने के गहने, 500 रुपये नगद, आधार कार्ड और गहने तौलने के दो कांटे रखे थे। लूटे गए सामान की कुल कीमत लगभग 1 लाख 5 हजार 500 रुपये बताई गई है।
घटना में रजत सोनी को कंधे, हाथ, पैर और जांघ में चोटें आई हैं, जबकि सुरेन्द्र सिंह के हाथ में भी चोट लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही घुनघुटी चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



