उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजबड़ी खबरभोपालमध्य प्रदेश

तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान महिला पर बाघ का हमला, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर क्षेत्र में घटना, घायल महिला शहडोल रेफर

उमरिया | ब्यूरो चीफ राहुल शीतलानी | सब तक एक्सप्रेस
उमरिया जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत मानपुर बफर क्षेत्र में रविवार सुबह तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से महिला की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मानपुर निवासी श्रीमती निरसिया बैगा रविवार सुबह करीब 9 बजे अपने परिवार और अन्य ग्रामीणों के साथ बीट मानपुर के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले में बाघ ने महिला के दाहिने हाथ को जबड़े में जकड़ लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की आवाज सुनकर बाघ जंगल की ओर भाग गया, जिससे महिला की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने और समूह में ही जाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!