
ब्यूरो चीफ : सतीश पाण्डेय।
सोनभद्र। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण तथा गंगा एवं सहायक नदियों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान शासन द्वारा निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य के अनुरूप सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लगाए जाने वाले पौधों की सुरक्षा एवं उनकी जीवितता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पूर्व वर्षों में कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण एवं निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
प्रदूषण नियंत्रण एवं प्लास्टिक प्रतिबंध पर जोर
जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान सड़क धूल नियंत्रण, घरेलू एवं व्यावसायिक अपशिष्टों के समुचित निस्तारण, अवैध डंपिंग रोकने, प्लास्टिक एवं निर्माण अपशिष्ट प्रबंधन तथा प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुपालन पर विशेष बल दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराया जाए तथा विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
गंगा एवं जल स्रोतों के संरक्षण पर हुई चर्चा
बैठक में जीडीपीएमएस पोर्टल पर विभागीय सूचनाओं की समयबद्ध अपलोडिंग तथा ग्राम गंगा समितियों द्वारा संचालित स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त पेयजल स्रोतों, तालाबों एवं आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
जिला गंगा समिति की बैठक में गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के पुनरोद्धार, नालों की टेपिंग, स्क्रीनिंग एवं बायो-रिमेडिएशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नदी तटों की स्वच्छता बनाए रखने एवं प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी एवं सतत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



