तेंदूपत्ता से भरी पिकअप में लगी भीषण आग, वाहन सहित 60 बोरी माल जलकर राख
चलते वाहन में अचानक उठी आग की लपटें, लाखों का नुकसान

ब्यूरो चीफ उमरिया : राहुल शीतलानी
उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा मुख्यालय क्षेत्र अंतर्गत बल्हौड़ समिति के ग्राम परासी ‘अ’ से तेंदूपत्ता लोड कर निकली एक पिकअप वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। घटना में वाहन सहित लगभग 60 बोरी तेंदूपत्ता जलकर पूरी तरह राख हो गया।
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक MP18GA 5243 में तेंदूपत्ता लोड कर मुख्य सड़क की ओर ले जाया जा रहा था। वाहन प्रतिक्षालय एवं स्वागत गेट से लगभग 150 मीटर पहले मोड़ के पास पहुंचा ही था कि अचानक उसमें से धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते पिकअप वाहन धू-धू कर जलने लगा। आग इतनी भयावह थी कि वाहन में रखे सभी जरूरी दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक एवं वाहन मालिक विजय कुमार पटेल, निवासी नगनौड़ी, तहसील जैसीनगर, जिला शहडोल, समय रहते वाहन से बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरा वाहन जल चुका था। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
अब इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि समिति से तेंदूपत्ता लोड कर वाहन भेजा गया था तो सुरक्षा एवं जवाबदेही किसकी बनती है? वहीं वाहन मालिक को हुए भारी नुकसान की भरपाई कौन करेगा, इसे लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।



