कलेक्टर के सख्त निर्देश, जिले में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें पेट्रोल पंप संचालक
आवश्यक सेवाओं के वाहनों को ईंधन की कमी न हो, प्रशासन ने जारी किए निर्देश

ब्यूरो चीफ उमरिया : राहुल शीतलानी
उमरिया। वर्तमान भू-राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती राखी सहाय ने जिले में पेट्रोल और डीजल की निर्बाध एवं पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक मात्रा में ईंधन का भंडारण बनाए रखने के लिए कहा है।
जारी आदेश के अनुसार उमरिया जिले में संचालित सभी पेट्रोल एवं डीजल पंपों के प्रोपाइटर, संचालक, मैनेजर और विक्रेताओं को अपने पंपों पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल का स्टॉक रखना अनिवार्य होगा। शासकीय वाहन, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस बल तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को ईंधन की किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय ने निर्देश दिए हैं कि सभी पेट्रोल पंप संचालक अपने डिस्पेंसिंग यूनिट (नोजल) से वितरण योग्य पेट्रोल एवं डीजल का आवश्यक आरक्षित स्टॉक आगामी आदेश तक सुरक्षित रखेंगे। आदेश में यह भी कहा गया है कि आरक्षित ईंधन स्टॉक का विक्रय अथवा प्रदाय जिला प्रशासन की अनुमति के बाद ही किया जा सकेगा।
कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।



